गाज़ीपुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा करने वाले लोगों पर कार्रवाई की है। थाना करण्डा पुलिस टीम ने बड़ी मात्रा में देशी ठेके की शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं थाना नंन्दगंज व आबकारी पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के कानाडीह गांव स्थित अगस्ता सलामतपुर सीमा पर छापेमारी करके वहां एक झोपड़ी में चलाई जा रही अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब सहित बनाने वाली सामग्री व फैक्टरी संचालक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करण्डा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बरहपुर पुलिया ग्राम बेलासी से परमेश्वर बिन्द को गिरफ्तार किया। जिसके पास से 30 पैकेट नाजायज देशी ठेके की शराब ब्ल्यू लाइम (प्रत्येक 200 मि0ली0) बरामद हुआ। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के बाकी नेटवर्क की छानबीन में जुटी हुई है। वहीं दूसरी ओर नन्दगंज थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की और एक झोपड़ी के अंदर चलाई जाने वाली शराब की अवैध फैक्टरी को बरामद किया। मुखबिर ने बताया था कि सीवान में एक झोपड़ी बनाकर वहां पर रात के समय अवैध रूप से कच्ची शराब बनाई जाती है और लोगों की नजर से बचाने के लिए दिन में उसे पुआल से ढंक दिया जाता है। इसके बाद टीम ने वहां पहुंचकर झोपड़ी को चारो तरफ से घेर लिया और फिर अंदर घुसे तो नजारा देख सन्न रह गए। बाहर से दिख रही छोटी सी झोपड़ी के अंदर अवैध शराब बनाने की पूरी फैक्टरी थी। उसमें एक व्यक्ति अंदर भट्ठी पर शराब बना रहा था और एक पाइप के सहारे दूसरे बर्तन में निकाल रहा था। साथ ही वहां पर बनाकर रखी गई 15-15लीटर की दो प्लास्टिक के कंटेनर बरामद किए। इसके अलावा वहां से कुल 45 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब, 600किलो लहन, शराब बनाने के उपकरण, भट्ठी, 100-100लीटर क्षमता के प्लास्टिक के 4 ड्रम, लोहे का पाइप लगा एक ड्रम, एल्यूमीनियम की एक बड़ी व एक छोटी पतीली, प्लास्टिक के 3 गैलन, शराब की पैकिंग करने के लिए खाली प्लास्टिक के पाउच, फिटकरी आदि बरामद हुआ।


