कोटा में गाय चमकने से युवक अनबैलेंस हो गया, और सामने खड़ी ट्रॉली से टकरा गया। इस हादसे में युवक की पसलियों में चोट लगी। यह घटना 19 फरवरी की शाम को उद्योग नगर थाना के थेगड़ा स्थित जयश्री विहार इलाके में हुई। सोमवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाए, जहां युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया।
सोनू के पसलियों में चोट लगी थी बड़े भाई महेंद्र ने बताया- सोनू मीणा (35), मां के साथ जयश्री विहार इलाके में रहता था। उनके घर में गाय पाल रखी है। कुछ दिन पहले ही गाय ने बछड़े को जन्म दिया था। 19 फरवरी की शाम को सोनू गाय के बछड़े को उठाकर एक साइड पर ला रहा था। इस दौरान गाय चमक गई, जिससे सोनू डर गया और अनबैलेंस हो गया। वह वहां खड़ी ट्रॉली से टकरा गया, जिससे उसकी पसलियों में चोट लगी थी। महेंद्र ने आगे बताया कि सोनू को एमबीएस हॉस्पिटल में दिखाया गया था। आज सुबह सोनू की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल लाया गया। डॉक्टर ने पसलियों में इन्फेक्शन होना बताया। सोनू एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। पोस्टमॉर्टम नहीं करवाना चाहते हैं परिजन उद्योगनगर ASI रविंद्र सिंह ने बताया कि सोनू मीणा 19 फरवरी को ट्रॉली से टकराकर चोटिल हुआ था और उसके सीने में चोट लगी थी। आज उसकी मौत हो गई है। परिजन शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाना चाहते हैं।


