रामगढ़ स्थित सीसीएल गिद्दी ए परियोजना कार्यालय में गुरुवार को सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की। सीबीआई की 15 सदस्यीय टीम सुबह 11 बजे कार्यालय पहुंची। छापेमारी से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। टीम सबसे पहले गिद्दी ए कोलियरी खदान पहुंची। वहां से सुरक्षा अधिकारी, पीओ, सेफ्टी ऑफिसर और एक माइनिंग सरदार को साथ लेकर गिद्दी कोलियरी परियोजना कार्यालय गई। सीबीआई अधिकारियों ने कार्यालय के बाहर बरामदे में सभी अधिकारियों और दर्जनों कर्मचारियों से पूछताछ की। कार्यालय से बाहर निकलने वाले लोगों के मोबाइल भी चेक किए गए। 27 फरवरी को सीसीएल रेलीगढ़ा परियोजना में भी की थी छापेमारी एक सप्ताह पहले 27 फरवरी को सीबीआई ने सीसीएल रेलीगढ़ा परियोजना में भी छापेमारी की थी। वहां रोड सेल में भ्रष्टाचार, कागजी गड़बड़ी और कांटाघर वजन से जुड़े मामलों की जांच की गई थी। इसी सिलसिले में गिद्दी ए कोलियरी में भी जांच की जा रही है। सीबीआई की टीम रोड सेल परियोजना से जुड़े विभिन्न अधिकारियों से पूछताछ में जुटी है।


