गिरिडीह के कोदईबांग डैम में मिला युवती का शव:स्थानीय लोगों का दावा- ईंट भट्ठा में करती है मजदूरी, हत्या या डूबने की आशंका

गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदईबांग डैम में रविवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और तिसरी पुलिस पहुंची। बताया गया कि डैम में नहाने गए एक युवक ने शव को पानी में तैरते देखा और तुरंत ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। युवती की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हत्या या हादसा? ग्रामीणों में आशंका घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा नेता सुनील साव, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल और बेलवाना मुखिया पति उमर फारुख ने युवती की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि युवती की हत्या कर शव को डैम में फेंका गया है। जबकि कुछ ग्रामीणों का कहना है कि युवती नहाने के दौरान डूब गई होगी। जेएमएम नेता रिंकू बरनवाल ने दावा किया कि मृतका ईंट भट्ठे की मजदूर प्रतीत हो रही है और संभवतः बाहर की रहने वाली है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव तिसरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और मौत के पीछे की सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगी। इधर, जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल, पुलिस हर पहलु से मामले की जांच में जुटी है, लेकिन युवती की पहचान और मौत की असली वजह सामने आने में अभी समय लगेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *