नववर्ष के आते ही गिरिडीह जिले के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ने लगी है। बुधवार को लोग खंडोली और वाटरफॉल में पिकनिक मनाने के लिए जुट गए। वहीं, यहां होने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। हालांकि 25 दिसंबर से ही विभिन्न पर्यटक स्थलों पर पिकनिक मनाने का सिलसिला शुरू हो जाता है। पर खंडोली की ओर लोग खींचे चले आते हैं। गिरिडीह शहर से महज दस किलामीटर की दूरी पर स्थित है खंडोली और वाटर फॉल। यहां के प्राकृतिक दृश्य देखकर लोगों का मन पुलकित हो उठता है। बेंगाबाद रोड में स्थित खंडोली में पहाड़, डैम और पार्क के अनोखे संगम को देखकर लोग काफी रोमांचित होते हैं। प्राकृतिक मनोरम दृश्य खुद ब खुद पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं यहां पर पिकनिक के दौरान आए पर्यटक एक ओर जहां पहाड़ पर चढ़ने का लुत्फ उठाते हैं तो वहीं दूसरी ओर खंडोली में नौका विहार का एक अलग ही आनंद प्राप्त होता है। इस क्रम में पर्यटक पार्क भ्रमण के साथ नौका विहार के दौरान डैम में मौजूद साइबेरियन पक्षी को देखकर मन खिल उठता है। वहीं, वाटर फॉल में मौजूद प्राकृतिक मनोरम दृश्य खुद ब खुद पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं। खंडोली डैम में साइबेरियन पक्षियों का जमावड़ा खंडोली में नौका विहार का एक अलग ही मजा है। यहां पर नौका विहार के दौरान डैम में मौजूद विदेशी पक्षियों को देखकर पर्यटक काफी खुश होते हैं। खंडोली डैम में साइबेरियन पक्षियों का जमावड़ा लगा हुआ है। कई पर्यटक सिर्फ विदेशी मेहमान पक्षी को देखने के लिए दूर-दूर से खंडोली आते हैं। इस दौरान वे नौका विहार करते हुए नजदीक से डैम के पानी में तैरते साइबेरियन पक्षियों को देखने के साथ ही उनकी तस्वीर को अपने कैमरे में कैद करते हैं। जंगल में स्थित वाटर फॉल लोगों की पहली पसंद
गिरिडीह धनबाद रोड में मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर अंदर जंगल में स्थित वाटर फॉल से गिरने वाले पानी की आवास दूर से ही सुनाई देती है। यहां पर जंगल, पहाड़ और उससे गिरने वाले झरने के मनोरम दृश्य को देखकर पर्यटक काफी रोमांचित होते हैं।


