गिरिडीह में शनिवार को जिला प्रशासन ने कॉलेज के पास अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। बिना पूर्व सूचना के बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रशासनिक टीम ने 100 से अधिक अस्थायी दुकानों और ठेलों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के विरोध में प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए मुख्य सड़क जाम कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। रोजी-रोटी पर गहरी चोट पड़ी: दुकानदार स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन ने कुछ दिन पहले अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। इस पर लोगों ने अपनी दुकानें स्वयं हटाना शुरू कर दिया था। इसके बावजूद प्रशासन ने बिना अतिरिक्त नोटिस दिए सीधे बुलडोजर चलवा दिया। दुकानदारों का आरोप है कि इससे उनकी रोजी-रोटी पर गहरी चोट पड़ी है। कॉलेज के आस-पास अतिक्रमण का अड्डा बन गया था: सीओ बेंगाबाद अंचलाधिकारी प्रियंका प्रियदर्शी ने बताया कि कॉलेज के आस-पास अतिक्रमण का अड्डा बन गया था। यहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता था। नशे के सामानों की खुलेआम बिक्री और सेवन की शिकायतें भी मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और कॉलेज परिसर की गरिमा को बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया गया। अंचलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र बनाने का उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा और सामाजिक शांति सुनिश्चित करना है।