गिरिडीह–मधुपुर सवारी गाड़ी के लेट पर रेलवे सख्त, सुधार के आदेश

गिरिडीह | गिरिडीह–मधुपुर सवारी गाड़ी संख्या 53520 की लगातार लेटलतीफी के मामले में रेल प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल की शिकायत के बाद पूर्व रेलवे आसनसोल मंडल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच और सुधारात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। आसनसोल मंडल के सहायक परिचालन प्रबंधक ने स्वीकार किया कि लगातार विलंब के कारण यात्रियों को मानसिक और आर्थिक परेशानी हो रही है। रेलवे ने खंडीय यातायात निरीक्षक को ट्रेन के विलंब के कारणों की सूक्ष्म जांच करने और संबंधित स्टेशन मास्टरों व कंट्रोल कार्यालय के कर्मचारियों को सख्त निर्देश देने का आदेश दिया है। यात्रियों की पंक्चुअलिटी को मालगाड़ियों पर प्राथमिकता देने और रात्रिकालीन कनेक्टिंग सेवाओं में अनावश्यक ठहराव रोकने की भी व्यवस्था की गई है। सुनील खंडेलवाल ने कहा कि लेटलतीफी से आम यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने आशा जताई कि रेलवे की जांच और सुधारात्मक कदम ट्रेन संचालन को नियमित और समयबद्ध बनाएंगे। रेल प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और बेहतर सेवाओं के लिए प्रतिबद्धता जताई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *