गिरिडीह जिले के नौवडीहा ओपी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। यह हादसा मिर्जागंज-बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर स्थित सपाही नदी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर जर्जर पुलिया की साइड वॉल को तोड़ते हुए नदी में गिर गई। मृतक की पहचान ताराटांड़ पंचायत के जुगनूडीह निवासी राजू लाल यादव के रूप में हुई है। दुर्घटना के समय नदी में पानी नहीं था, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नौवडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। गार्डवाल तोड़ नदी में गिरा बाइक सवार पुलिस ने घटनास्थल से बाइक, बैग, ढोलक और अन्य सामान जब्त कर थाने में ले आई। स्थानीय लोगों ने शव को बाहर निकालने और बाइक को जब्त करने में पुलिस की मदद की। स्थानीय लोगों के अनुसार, जहां यह दुर्घटना हुई, वह एक घुमावदार मोड़ है और पुलिया की स्थिति बहुत खराब है। इससे पहले भी इस स्थान पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन न तो पुलिया का पुनर्निर्माण हुआ और न ही गार्डवॉल की मरम्मत की गई। इस लापरवाही के कारण यहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।


