गिरिडीह में दो अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत:रेलवे पटरी के पास बुजुर्ग का मिला शव, विवाहिता की लाश पेड़ से लटकी मिली

गिरिडीह जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की मौत की घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है। पहली घटना गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांदी श्रीरामपुर पंचायत के चुंगलो गांव में हुई। यहां गरहाटांड टांड़ रेलवे पटरी के पास लगभग 60 वर्षीय किशोरी पंडित का शव मिला। स्थानीय लोगों ने मंगलवार को शव देखकर जीआरपी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को सदर अस्पताल, गिरिडीह भेजा। जमुई से मधुपुर-गिरिडीह ट्रेन से लौट रहे थे मृतक की पहचान चुंगलो गांव निवासी किशोरी पंडित के तौर पर हुई है। परिजनों ने बताया कि वे अपनी बेटी के घर जमुई गए थे और मधुपुर-गिरिडीह ट्रेन से लौट रहे थे। आशंका है कि ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हुई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। दूसरी घटना पीरटांड प्रखंड के हरलाडीह ओपी क्षेत्र के बड़की टांड़ गांव में हुई। यहां 26 वर्षीय विवाहित महिला यशोदा कुमारी (पति विकास कुमार महतो) का शव खेत में एक पेड़ से साड़ी के फंदे में लटका मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार, यशोदा कुमारी और उसकी सास के बीच पिछले कुछ दिनों से कहासुनी चल रही थी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या का कारण यही था या कोई अन्य वजह।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *