गिरिडीह में मजदूर को मारी गोली, हालत गंभीर:कमर में फंसी गोली, गंभीर हालत में धनबाद रेफर; पुलिस जांच कर रही

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड क्षेत्र में एक मजदूर को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घटना बिरनी-परसन ओपी सीमा क्षेत्र अंतर्गत डबरी के पास रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर करमाटांड़ और बरमसिया के बीच स्थित जंगल में करीब सात बजे हुई। घायल की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के पूर्णानगर निवासी 30 वर्षीय नंदकिशोर माली के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नंदकिशोर राजधनवार के कोडाडीह स्थित कौशल सीमेंट दुकान में पिछले दो-तीन वर्षों से मजदूरी कर रहे हैं। रोज की तरह काम खत्म कर वे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने उन पर अचानक गोली चला दी। गोली लगते ही वे बाइक समेत सड़क किनारे गिर पड़े। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पत्नी को फोन कर दी जानकारी गोली लगने के बाद भी घायल नंदकिशोर ने हिम्मत दिखाई और अपनी पत्नी अमृता देवी को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में एक्स-रे जांच में पता चला कि गोली शरीर के अंदर फंसी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, गोली कमर के दाहिने हिस्से से प्रवेश कर बाईं ओर जाकर फंस गई है, जिससे आंतरिक चोट की आशंका है। बेहतर इलाज और सर्जरी की जरूरत को देखते हुए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया। जांच में जुटी पुलिस, विवाद से किया इनकार घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि नंदकिशोर का किसी से कोई विवाद नहीं था। वे मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने गोली लगने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच हर संभावित पहलू से की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *