गिरिडीह में वन भूमि पर ट्रेंच कटाई पर हंगामा:ग्रामीणों का जेसीबी पर पथराव, मशीन क्षतिग्रस्त; पुलिस ने स्थिति को लिया नियंत्रण में

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत गुमगी पंचायत के लेवड़िया टांड़ में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब वन विभाग की टीम ट्रेंच कटाई के लिए जेसीबी मशीन लेकर पहुंची। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी पर पथराव कर दिया, जिससे मशीन के चारों ओर के शीशे टूट गए। हालांकि चालक सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार, वन विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से गुमगी मौजा सहित आसपास के क्षेत्रों में वन भूमि पर ट्रेंच काटने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे वर्षों से उक्त जमीन पर खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जमीन पर ट्रेंच काट दी गई तो उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण कर खेती की जा रही: रेंजर
इधर, गांवा वन क्षेत्र पदाधिकारी रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि वन विभाग की है और ग्रामीणों द्वारा उस पर अतिक्रमण कर खेती की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के पास न तो जमीन से संबंधित कोई वैध कागजात है और न ही न्यायालय से कोई स्थगन आदेश। रेंजर ने बताया कि हाल ही में वन प्रमंडल कार्यालय में बैठक हुई थी, जिसमें सहमति बनी थी कि संबंधित भूमि पर आम के पौधे लगाए जाएंगे और उनकी देखरेख ग्रामीण करेंगे, जिससे भविष्य में उन्हें आय का स्रोत भी मिलेगा। बावजूद इसके बुधवार को पथराव की घटना हुई। वहीं, जिला परिषद सदस्य रामकुमार राउत ने कहा कि बैठक में यह तय हुआ था कि बुधवार शाम ग्रामीणों के साथ चर्चा के बाद ही अंतिम निर्णय वन विभाग को बताया जाएगा। उनका आरोप है कि बिना सूचना दिए विभाग की टीम ट्रेंच कटाई के लिए पहुंच गई। घटना की सूचना पर तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त जेसीबी को तिसरी बिट कार्यालय लाया गया है। मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *