गीदम में धूमधाम से मनाई जाएगी राम नवमी, शोभायात्रा की तैयारी शुरू हुई

भास्कर न्यूज | गीदम नगर में इस वर्ष भी राम नवमी महोत्सव को धूमधाम और भक्तिपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस संबंध में मंगलवार को नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों एवं युवा वर्ग की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना एवं राम जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के नेतृत्व में कई अहम निर्णय लिए गए, जिससे कि इस वर्ष का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य और ऐतिहासिक बनाया जा सके। समिति के निर्णयानुसार, संपूर्ण गीदम नगर को भगवा रंग में रंगा जाएगा। मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों, मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थलों पर भगवा ध्वज एवं पताकाएं लहराई जाएंगी। इस विशेष साज-सज्जा से नगर का हर कोना भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबा हुआ नजर आएगा। पूरे नगर को राममय करने के लिए भव्य तोरण द्वार एवं स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। 06 अप्रैल को शाम 5 बजे निकाली जाने वाली श्रीराम शोभायात्रा इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण होगी। यह भव्य शोभायात्रा बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर हारम पारा चौक, हारम, बस स्टैंड गीदम, हारम, बाबा रामदेव मंदिर तक जाएगी। यात्रा में सैकड़ों भक्तजन भगवा ध्वज लिए जय श्रीराम के जयघोष करेंगे। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा डीजे एवं बैंड-बाजे शोभायात्रा में भक्तिमय वातावरण बनाएंगे। पूरे नगर में भक्ति संगीत और रामधुन की गूंज सुनाई देगी। नगर पंचायत गीदम के अध्यक्ष रजनीश सुराना ने राम नवमी महोत्सव को लेकर अपनी उत्सुकता और समर्थन व्यक्त करते हुए कहा राम नवमी केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस वर्ष भी नगरवासियों के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल होगा। महोत्सव में युवा वर्ग निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका राम नवमी महोत्सव की सफलता के लिए नगर के युवा वर्ग ने पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ आयोजन में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी और आगे की योजनाएं समिति के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोजन प्रसाद की व्यवस्था इस भव्य आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष भंडारे की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें प्रसाद वितरण किया जाएगा। समिति ने यह भी निर्णय लिया है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रबंध किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *