राजसमंद कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने आज नाथद्वारा उपखण्ड क्षेत्र के गुंजोल में निर्माणाधीन डेयरी प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने डेयरी प्लांट के कार्य को जल्द पूरा कर अप्रेल महीने तक शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जिससे कि क्षेत्र के लोगो को इसका जल्द फायदा मिल सके। उन्होंने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्लांट निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद कलेक्टर ने प्लांट का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि डेयरी प्लांट की कैपेसिटी 50 हजार लीटर प्रतिदिन होगी। प्रथम चरण में दूध, छाछ और घी एवं द्वितीय चरण में दही श्रीखंड पनीर की प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग का कार्य होगा। डेयरी प्लांट का काम पूरा होने के बाद राजसमंद से प्रोसेसिंग एवं पैकिंग के लिए भीलवाड़ा जाने वाला दूध राजसमंद में ही रहेगा, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को सीधा फायदा मिलेगा।


