गुजरात के पोरबंदर जिले के विसावदा के पास रविवार शाम करीब 6 बजे जालोर जिले के एक ही परिवार की कार पलटने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। परिवार देवभूमि द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन कर पोरबंदर लौट रहा था, तभी मोड़ पर चालक का स्टीयरिंग से कंट्रोल हट गया और कार सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में टेम्बी गांव निवासी पवनी देवी और गणेशराम की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायलों का पोरबंदर के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार कार शाम के समय पोरबंदर के विसावदा इलाके से गुजर रही थी। सड़क पर मोड़ के दौरान ड्राइवर स्टीयरिंग संभाल नहीं पाया। कार सड़क से उतरकर पलट गई और खाई में गिर गई। हादसा अचानक हुआ, जिससे कार में बैठे लोग संभल नहीं सके। इन दो लोगों की हुई मौत हादसे में चितलवाना के टेम्बी गांव निवासी गणेशराम (76) पुत्र हरजीराम माली और पवनी देवी (60) पत्नी नागजीराम माली की मौत हो गई। दोनों एक ही परिवार के सदस्य थे और दर्शन के लिए गए थे। पांच घायल, हॉस्पिटल में इलाज जारी कार में सवार नागजीराम (72), मदनलाल (33), अर्जन कुमार (35), पन्नालाल (33) और शिवराम (8) घायल हो गए। सभी को पोरबंदर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनका इलाज जारी है। डेढ़ माह पहले निकले थे घुमाने मदनलाल तमिलनाडु में काम करता है। वह अपनी मां पवनी देवी, पिता नागजीराम और बड़े पिता गणेशराम को करीब डेढ़ माह पहले जालोर के चितलवाना से घुमाने के लिए ले गया था। सबसे पहले उन्हें तमिलनाडु के मदुरई ले जाया गया, जहां वह इलेक्ट्रोनिक का काम करता है। वहां से रामेश्वरम समेत कई धार्मिक स्थानों पर दर्शन कराए गए। राजकोट से बना द्वारकाधीश का प्लान तीन दिन पहले परिवार गुजरात के राजकोट में रहने वाले रिश्तेदार पन्नालाल के पास पहुंचा। पन्नालाल करीब पांच साल से राजकोट में स्टील का व्यापार कर रहे हैं। वहीं से सभी ने द्वारकाधीश मंदिर जाने का प्लान बनाया। इस दौरान पोरबंदर निवासी अर्जन कुमार, जो मोबाइल एसेसरिज का काम करता है, वह भी अपने 8 साल के बेटे शिवराम के साथ साथ हो गया। दर्शन के बाद लौटते समय हुआ हादसा देवभूमि द्वारका में भगवान द्वारकाधीश के दर्शन करने के बाद सभी पोरबंदर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे विसावदा के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। आज होगा अंतिम संस्कार मृतक पवनी देवी और गणेशराम के शवों का पोस्टमार्टम कर जालोर के लिए रवाना कर दिया गया है। शव दोपहर तक चितलवाना के टेम्बी गांव पहुंचेंगे, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


