लुधियाना| गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक प्रधान दर्शन सिंह और जनरल सचिव अशोक पाहवा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यह बैठक आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के सहयोग से संपन्न हुई। बैठक के दौरान बैंक प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अन्य बैंकों की तुलना में अधिक ब्याज दरों पर खाते खोले जा सकते हैं तथा फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर भी प्रतिस्पर्धात्मक रूप से बेहतर ब्याज दर दी जा रही है, जिससे ट्रांसपोर्टरों को सुरक्षित और लाभकारी निवेश का अवसर मिलेगा। इसके बाद एसोसिएशन पदाधिकारियों की आंतरिक बैठक हुई। प्रधान दर्शन सिंह ने बताया कि एसोसिएशन जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पंजाब (एसटीसी) से मुलाकात करेगा। इस दौरान ट्रकों पर लगाए जाने वाले एकमुश्त टैक्स को तिमाही (क्वार्टर-वाइज) आधार पर लागू करने की मांग रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि बसों की तर्ज पर ट्रकों के लिए भी क्वार्टर-वाइज टैक्स प्रणाली लागू करवाने का प्रयास किया जाएगा। प्रधान ने आगे बताया कि एसोसिएशन की ओर से जल्द ही एक पुलिस पोस्ट शुरू की जाएगी, जिससे ट्रांसपोर्टरों को चोरी, लूटपाट और अन्य असामाजिक गतिविधियों से राहत मिलेगी। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से लिंक रोड पर बंद किए गए कट को खुलवाकर वहां नगर निगम के सहयोग से ट्रैफिक सिग्नल लगवाने की पहल की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि एसोसिएशन के लिए आरक्षित प्लॉट को शीघ्र ही ट्रांसपोर्टरों के हवाले कर दिया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व प्रधान चौधरी जगदीश चंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में वाइस प्रधान अजीत पाल कालड़ा, सचिव जगदीश सिंह जस्सोवाल, मेजर जीत सिंह, भूपिंदर सिंह, खुशदिल सिंह और जसमीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक।


