जिला मुख्यालय स्थित गुड मॉर्निंग क्लब ने होली के पावन अवसर पर योगाभ्यास के साथ रंग-गुलाल की होली उत्साहपूर्वक मनाई। क्लब के सदस्य सुबह 6 बजे से पूर्व एकत्रित हुए और उन्होंने प्राणायाम तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। क्लब के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे केमिकल युक्त रंगों के बजाय प्राकृतिक एवं हर्बल गुलाल का उपयोग करें। उन्होंने त्योहार के दौरान सावधानी बरतने का संदेश भी दिया। योगाभ्यास के पश्चात सभी सदस्य होली गीतों पर जमकर थिरके। उन्होंने आपसी सौहार्द के साथ एक-दूसरे को गले मिलकर पर्व की बधाई दी। इस अवसर पर योगाभ्यास का संचालन अनुराग चतुर्वेदी, मुकेश दुबे एवं राम अवतार तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार सहित सनीष श्रीवास्तव, करन यादव, विवेक चतुर्वेदी, कल्लू राय, अशोक राय, चुन्नू चौबे, मानसिंह यादव, शैलू गुप्ता, संजय सोनी, वेदांत नायक, प्रेम नारायण यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्लब के सदस्यों ने बताया कि “करो योग, रहो निरोग” की भावना के साथ नगरवासियों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, समय-समय पर क्लब में सदस्यों के जन्मदिवस भी मनाए जाएंगे। आगामी रविवार को रंग पंचमी के अवसर पर होली महोत्सव भी धूमधाम से आयोजित किया जाएगा।


