जयपुर में क्वालिटी सर्कल फोरम ऑफ इंडिया (QCFI) के जयपुर सब-चैप्टर की ओर से गुणवत्ता, उत्कृष्टता, सतत सुधार और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जयपुर सब-चैप्टर अध्यक्ष मनोज मेश्राम ने कहा- मंच उद्योग और समाज में गुणवत्ता आधारित सोच को सशक्त बनाने में भूमिका निभाते हैं। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में QCFI के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश मिश्रा, राजसमंद चैप्टर के चेयरपर्सन डॉ. नरेंद्र कुमार शर्मा तथा QCFI के नॉर्थ रीजन के डायरेक्टर अविनाश उपाध्याय ने संबोधित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने कहा- गुणवत्ता और कौशल विकास से ही उद्योग को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा- आज के प्रतिस्पर्धी दौर में गुणवत्ता पर ध्यान देना आवश्यक है, क्योंकि यही किसी भी संगठन को दीर्घकालिक और टिकाऊ सफलता दिलाती है। गुणवत्ता केवल प्रक्रिया नहीं, बल्कि सोच है, जिसे संगठन के हर स्तर पर अपनाने की आवश्यकता है। सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएं संगठन
QCFI के नॉर्थ रीजन डायरेक्टर अविनाश उपाध्याय ने कहा- अधिक से अधिक लोगों को QCFI से जोड़ना जरूरी है। साथ ही क्वालिटी एंगेजमेंट भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। राजसमंद चैप्टर के चेयरपर्सन डॉ. एन. के. शर्मा ने कहा- QCFI को औद्योगिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा- गुणवत्ता का लाभ बड़ी कंपनियों के साथ-साथ छोटी इकाइयों और लघु उद्योगों तक पहुंचना चाहिए, ताकि व्यापक स्तर पर सकारात्मक बदलाव संभव हो सके। कार्यक्रम में राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. राजीव जैन, प्रो. राजेश सोलंकी आदि मौजूद रहे।


