गुना जिला हॉकी संघ के राज्य स्तरीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में आज (रविवार) दो मैच खेले गए। इसमें एक प्री क्वार्टर फाइनल और एक क्वार्टर फाइनल शामिल था। मंदसौर ने गुना को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं जबलपुर ने नर्मदापुरम को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। आज खेले गए पहले मैच में मंदसौर जिले ने गुना जिले की टीम को चौथे क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर में गोल कर 2-1 से परास्त कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पूरा मैच काफी संघर्षपूर्ण रहा। गुना की टीम को दस पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि मंदसौर टीम को पांच पेनल्टी कॉर्नर प्राप्त हुए। खेल की शुरुआत में चौथे मिनट में मंदसौर की भाग्यश्री ने पहला गोल कर मंदसौर को बढ़त दिलाई। वहीं 17वें मिनट में गुना की रौनक परमार ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर गुना को बराबरी पर ला दिया। लेकिन मैच के आखिरी समय में 57वें मिनट में मंदसौर की श्रेया ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर मंदसौर को निर्णायक बढ़त दिलाई और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैच में एक समय निर्णायक द्वारा गुना के पक्ष में पेनल्टी स्ट्रोक न दिए जाने पर दर्शकों ने काफी असंतोष प्रकट किया, लेकिन तकनीकी समिति ने निर्णायक के निर्णय को सही बताया। इस दौरान कुछ देर तक मैच रुका रहा। दूसरे मैच में जबलपुर ने नर्मदापुरम को 5-1 से हराया
दूसरे मैच में प्री क्वार्टर फाइनल में जबलपुर जिले ने नर्मदापुरम जिले को 5-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे क्वार्टर तक दोनों टीमें एक एक गोल कर बराबरी पर थीं, लेकिन जबलपुर टीम ने आपसी तालमेल कर तीसरे क्वार्टर में तीन गोल बनाकर मैच में 4-1 को बढ़त बना ली। चौथे क्वार्टर में जबलपुर ने पांचवां गोल कर मैच 5-1 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जबलपुर की टीम से अश्विनी और सानिया ने दो-दो गोल और मौली ने एक गोल कर टीम को जिताया। कल (सोमवार) को जबलपुर एवं बड़वानी, ग्वालियर और रायसेन, भोपाल और सिवनी के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे।


