गुना शहर के कोतवाली इलाके में एक युवती को दो साल रिलेशनशिप में रखने के बाद उसका पार्टनर शादी से ठीक पहले फरार हो गया। दोनों चार दिन पहले कोर्ट मैरिज करने वाले थे, लेकिन युवक अचानक गायब हो गया। पीड़ित युवती ने सोमवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि युवक ने उसे किराए का कमरा दिला रखा था, जहां वे पति-पत्नी की तरह रहते थे। युवती ने बताया कि वह एक पार्लर में काम करती है, जबकि उसके माता-पिता ग्वालियर शिफ्ट हो चुके हैं। उसका पिछले दो वर्षों से अंकित चौहान के साथ अफेयर था। दोनों ने मंदिर में शादी की रस्में पूरी की थीं और नोटरी पर एग्रीमेंट भी बनवाया था। वह अंकित के लिए करवाचौथ का व्रत रखती थी और उसके नाम का मंगलसूत्र भी पहनती थी। परिजनों के दबाव में टाल रहा था बात युवती का आरोप है कि एक साल तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में अंकित कोर्ट मैरिज की बात टालने लगा। अन्नपूर्णा कॉलोनी में किराए के कमरे में दोनों साथ रहते थे। अंकित के परिजन शासकीय सेवा में हैं और वे लगातार रिश्ता तोड़ने का दबाव बना रहे थे। यह मामला पहले भी थाने पहुंच चुका है, लेकिन इस बार युवती ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब शादी नहीं, सजा चाहिए एसपी ऑफिस में रोते हुए युवती ने दोटूक कहा कि अब वह अंकित को दोबारा कभी स्वीकार नहीं करेगी, बल्कि उसे उसके किए की सजा दिलाकर ही दम लेगी। उसे शक है कि अंकित उसे छोड़ने की नीयत से भागा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी है।


