गुमला में ऑटो चालक संघ ने रोड टैक्स में वृद्धि के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। चालकों ने गुरुवार को सिसई रोड, जशपुर रोड और लोहरदगा रोड पर चक्का जाम कर दिया। सिसई रोड ऑटो यूनियन और करौंदी रथ बगीचा के बैनर तले चालकों ने अपने वाहन करमाड़ीपा और रथ बगीचे में खड़ा कर दिया। ऑटो चालक संघ के नेता बालक लल्लू साहू ने बताया कि पहले रोड टैक्स 20 रुपए था। अब इसे बढ़ाकर 40 रुपए कर दिया गया है। टैक्स न देने पर उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया जाता है। हड़ताल से स्कूली बच्चों समेत आम यात्री परेशान चालकों ने चेतावनी दी है कि जब तक टैक्स पुरानी दर पर नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस हड़ताल से स्कूली बच्चों समेत आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजदूर नेता जुमन खान ने भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर चालकों का समर्थन किया। उन्होंने जिला प्रशासन से चालकों की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। प्रदर्शन में प्रकाश खाखा, राकेश तिकी, शहनवाज खान, अनिल साहू, मुन्ना साहू, महावीर उरांव, भीम साहू, सरोज साहू, संदीप बड़ाक, रामविलास साहू, सिबलालुम किद्रो और रंजीत कुजूर समेत कई चालक मौजूद रहे।


