गुमला में किसान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:रात में कमरे से नहीं निकला, दरवाजा तोड़ने पर खुला राज

गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरकुंडा कोलांबी गांव में 35 वर्षीय नवीन कुमार ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना देर रात की बताई जा रही है। बुधवार दोपहर सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार नवीन आम दिनों की तरह मंगलवार को घर पर ही था, लेकिन रात में अचानक उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दिमागी हालत ठीक नहीं होने की बात आई सामने मृतक के रिश्ते के भाई नायमन खड़िया ने बताया कि नवीन कुमार की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। वह अक्सर चुपचाप रहता था और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। मंगलवार रात उसने घर के अन्य सदस्यों से अलग अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। देर रात तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो उसकी पत्नी को शक हुआ। पत्नी ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद सभी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो देखा कि नवीन रस्सी के सहारे फांसी पर लटका हुआ था। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ नवीन कुमार के परिवार में उसकी बूढ़ी मां, पत्नी और एक आठ साल का मासूम बच्चा है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि नवीन मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। उसकी अचानक मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति भी गंभीर संकट में आ गई है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने इस मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। फिलहाल पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *