गुमला में पिता-पुत्र गांजा तस्करी करते गिरफ्तार:घर से 48 किलो गांजा और 39 हजार नगद बरामद, दो कमरों से चार थैलों में मिला नशीला पदार्थ

गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया है। उनके घर से भारी मात्रा में 48 किलोग्राम गांजा और 39,280 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। गुमला एसपी हरीश बिन जमा ने बताया कि शहर के बड़ाइक मोहल्ला में एक घर से गांजा बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव और गुमला थानेदार सुरेंद्र करमाली के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने बुधवार की रात करीब 2 बजे छापेमारी की। आरोपियों ने गांजा की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात कबूल की छापेमारी के दौरान बड़ाइक मोहल्ला निवासी राहुल कुमार सिंह और उनके पिता राज किशोर सिंह उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने गांजा की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात कबूल की। उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि घर की तलाशी लेने पर पीछे के अल्बेस्टर से बने दो कमरों से चार थैलों में टेप से लपेटे हुए गांजा के पैकेट मिले। इनमें 2-2 किलोग्राम के 16 पैकेट और 1-1 किलोग्राम के 16 पैकेट शामिल थे, जिनका कुल वजन लगभग 48 किलोग्राम है। इसके अतिरिक्त, 39,280 रुपए नगद भी बरामद हुए। गुमला एसपी ने यह भी कहा कि नशाखोरी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की भी छानबीन की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *