झारखंड के गुमला जिले में एक सड़क हादसा सामने आया है। पालकोट थाना क्षेत्र के बघिमा सेंटर के पास तेज रफ्तार बाइक के साइन बोर्ड से टकराने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भरनो थाना क्षेत्र के अम्बेरा गांव निवासी अंजन उरांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अंजन गुरुवार को बिना किसी को बताए पल्सर बाइक लेकर घर से निकला था। जब वह वापस नहीं लौटा, तो शुक्रवार को दुर्घटना की सूचना फोन पर मिली। पहले हुए हादसे में टूटा था पैर पालकोट पुलिस के मुताबिक, बघिमा सेंटर के पास तेज रफ्तार में चल रही बाइक पहले साइन बोर्ड से टकराई और फिर बाउंड्री से जा भिड़ी। हादसे में बाइक के दो टुकड़े हो गए। घायल अंजन को एंबुलेंस 108 से सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया, जहां डॉक्टर सुनील राम ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटा अंजन पहले भी एक बाइक दुर्घटना का शिकार हो चुका था। उस हादसे में उसकी पैर की हड्डी टूट गई थी। परिवार वालों ने उसे घर पर रहने की सलाह दी थी, लेकिन वह बाहर घूमता रहता था।


