गुमला में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:शादी से लौटते समय अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, कल होगा पोस्टमॉर्टम

गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में पौड़ी सरना के पास एक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पौड़ी गांव निवासी लगभग 20 वर्षीय दीपक खेरवार और 19 वर्षीय अजीत उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आदर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी से लौटते समय पौड़ी सरना गांव के पास किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थानेदार मोहन कुमार सिंह और एएसआई गणेश दास घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों शवों को बरामद कर घाघरा थाना पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के समय कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। थानेदार मोहन कुमार सिंह ने बताया कि शवों को बरामद कर थाने लाया गया है और मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *