आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारत और अमेरिका के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को किसानों के लिए ‘घातक’ बताया है। पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ गुरदासपुर के हनुमान चौक पर प्रदर्शन किया और भारत बंद का समर्थन किया। AAP के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस व्यापारिक समझौते के विरोध में हनुमान चौक पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। वे हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थे और समझौते के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। भारत भूषण बोले- व्यापारिक समझौते से भारतीय कृषि तबाह इस अवसर पर पार्टी के ट्रेड विंग के जिला चेयरमैन सिमरजीत सिंह साब और मार्केट कमेटी के चेयरमैन भारत भूषण शर्मा ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह व्यापारिक समझौता भारतीय कृषि को पूरी तरह तबाह कर देगा। नेताओं ने बताया कि इस समझौते के तहत अमेरिका को डेयरी और अन्य कृषि उत्पादों को भारत के बाजारों में बेचने के लिए कोई टैक्स नहीं देना पड़ेगा। इससे अमेरिकी उत्पाद सस्ते होकर भारतीय बाजार में आएंगे। इसके विपरीत, यदि भारतीय व्यापारी अपने उत्पाद अमेरिका में बेचना चाहते हैं, तो उन्हें कम से कम 18 प्रतिशत टैक्स चुकाना होगा।AAP नेताओं ने जोर देकर कहा कि इस समझौते से भारत को कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि देशवासियों को आर्थिक नुकसान ही उठाना पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि अमेरिका के दबाव में किया गया यह समझौता जल्द से जल्द रद्द किया जाए।


