भास्कर न्यूज |लुधियाना चंडीगढ़ रोड स्थित वर्धमान ग्राउंड में श्रद्धा के साथ चेतना समागम का आयोजन किया गया। समागम में प्रसिद्ध रागी भाई रणजीत सिंह ढंडरियां वालों ने गुरबाणी कीर्तन कर हजारों की संख्या में पहुंची संगत को निहाल किया। समागम दौरान संगत ने एकजुट होकर वाहेगुरु सिमरन किया और आध्यात्मिक माहौल में गुरु की वाणी का रसपान किया। इस धार्मिक आयोजन में लुधियाना शहर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि यह चेतना समागम लगातार तीन दिनों तक चलेगा, जिसका समापन 1 मार्च को होगा। समागम के दौरान भाई रणजीत सिंह ढंडरियां वालों ने विशेष रूप से युवाओं को गुरबाणी से जुड़ने और गुरु साहिब की लाडली फौज बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशों और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर गुरु की शिक्षाओं को अपनाने की आवश्यकता है। समागम के अंत में बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारों से पूरा वर्धमान ग्राउंड गूंज उठा। इसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया।


