बालोतरा | शहर के गुरुकुल स्कूल में आनंद मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण म्यूजिकल हाउजी व भूत बंगला रहा, जिसमें अभिभावकों व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि की ओर से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए सेक्रेटरी सुजीत पालगोता ने वर्षभर की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं खेलकूद उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही स्कूल में इस सत्र से एक्टिविटी सेंटर तथा कक्षा 11वीं व 12वीं में कॉमर्स स्ट्रीम शुरू करने की घोषणा की गई। समारोह के अंत में गौतम डागा एवं सुजीत पालगोता ने मेधावी विद्यार्थियों तथा खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ओम बांठिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है, जिसे गुरुकुल स्कूल प्रभावी रूप से साकार कर रहा है। मेले के दौरान स्कूल परिसर को गुब्बारों व झंडियों से आकर्षक रूप से सजाया गया।


