गुरुग्राम में होटल के बेड पर कपल की डेडबॉडी मिली:छाती में गोलियां लगीं, किसी ने आवाज नहीं सुनी; युवती की शादी तय हो चुकी थी

हरियाणा में गुरुग्राम के होटल में युवक और युवती के शव बिस्तर पर पड़े मिले। दोनों की छाती में एक-एक गोली लगी है। हालांकि किसी ने गोलियां चलने की आवाज नहीं सुनी। पुलिस ने उनके बगल से ही पिस्टल बरामद की है। इसके साथ कमरे में फ्रूट बीयर भी पड़ी थीं। सूचना के बाद होटल पहुंची मानेसर पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लिए हैं। होटल कर्मचारियों के मुताबिक दोनों ने सोमवार को सुबह 11 बजे चेक-इन किया था। वह होटल के दूसरे फ्लोर के कमरा नंबर 303 में रुके थे। युवती कोमल (20) गांव शिकोहपुर और युवक निखिल (23) पटौदी के गांव लोकरी का रहने वाला था। कुछ दिन पहले कोमल का रिश्ता तय हुआ था। युवती के गांव में ही निखिल की बहन की शादी हुई है। पेपर देने निकली थी युवती, घर न आने पर परिजन थाने पहुंचे
लड़की के परिजनों का कहना है कि कोमल 24 फरवरी को गांव से गुरुग्राम बीए फर्स्ट ईयर का पेपर देने के लिए गई थी, लेकिन रात तक घर नहीं पहुंची। इस पर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने युवती के मोबाइल की लोकेशन चेक की, जिसमें उसकी लोकेशन मानेसर में नेशनल हाईवे 48 पर स्थित हवेली होटल की मिली। पुलिस ने परिजनों को युवती की लोकेशन बताई। इस पर परिजन सोमवार रात 10 बजे होटल पहुंचे। यहां उन्हें कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने सूचना होटल स्टाफ और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद होटल स्टाफ से रूम खुलवाया गया। कमरे में शवों के साथ पिस्टल और फ्रूट बीयर मिलीं
पुलिस के मुताबिक कमरे को खुलवाया गया तो युवक और युवती के शवों के साथ 315 बोर का देसी पिस्टल पड़ा था। इसके साथ यहां 2 फ्रूट बीयर और पानी की बोतल भी मिली। दोनों को सेक्टर 10 के सरकारी अस्पताल में लाया गया हैं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। इसके बाद दोनों शवों को पुराने सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस लाया गया। पुलिस बोली- सुसाइड का मामला लग रहा
सतेंद्र ने कहा कि पुलिस की टीमें बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। लड़का पल्सर बाइक से होटल आया था। शुरुआती जांच में यह मामला सुसाइड का लग रहा है। युवक-युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का भी शक है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लड़के के पिता प्रेम कुमार ने कहा हमारे साथ गलत हुआ है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोनों के परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं पहुंचे
युवक और युवक के शव पोस्टमॉर्टम हाउस में रखे हैं। अभी तक न युवक और न युवती के परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे हैं। पुलिस परिजनों का इंतजार कर रही है। दोनों अलग-अलग जाति से, युवती के गांव में युवक की बहन की शादी हुई
मानेसर थाना प्रभारी सतेंद्र ने बताया कि प्राथमिक जानकारी में ये बात सामने आई है कि दोनों अलग-अलग जाति से थे। युवक ITI करके एक कंपनी में अप्रेंटिस कर रहा था। 2021 में निखिल की बहन की शादी कोमल के गांव शिकोहपुर में हुई थी। इसी वजह से निखिल का कोमल के गांव आना-जाना था। बाद में गुरुग्राम में इनकी मुलाकात हुई थी। शादी के एंगल पर भी जांच कर रही पुलिस
युवक की बहन की शादी युवती के गांव में हो रखी है। उसका अपनी बहन के पास आना-जाना था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी हों। ये भी संभावना है कि दोनों शादी करना चाहते हों। जाति अलग थी, इसलिए दोनों के परिजन न माने हों। हालांकि अभी इसकी किसी ने पुष्टि नहीं की है, लेकिन पुलिस शादी वाले एंगल पर भी जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *