गुरुद्वारा में घुसी लोक परिवहन की बस, VIDEO:ड्राइवर ने ब्रेक की जगह रेस दबाई, पीछे खेल रहे थे बच्चे, माफी मंगवाकर छोड़ा

श्रीगंगानगर में लोक परिवहन की बस गुरुद्वारे में घुस गई। घटना के वक्त बस के पीछे बच्चे खेल रहे थे। गनमीत रही कि वे समय रहते दूर हो गए। मामला शहर के पदमपुर रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब का है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने जल्दबाजी में ब्रेक की जगह रेस दबा दिए। इससे बस रिवर्स लेते समय गुरुद्वारे में आ गई। हालांकि ड्राइवर के माफी मांगने पर उसे जाने दिया। गुरुद्वारे में लगी बैंच हटने लगी गुरुद्वारा साहिब के सेवादार तेजेंद्र पाल सिंह टिम्मा ने बताया- गुरुद्वारा के साथ ही बिश्नोई मंदिर के बाहर राजस्थान लोक परिवहन की प्राइवेट बसें पार्किंग के लिए खड़ी की जाती हैं। बुधवार रात 9:15 बजे ड्राइवर बस को पार्किंग में लगाने के लिए आया था। बस रोकते समय ड्राइवर के पैर से एक्सीलरेटर (रेस) दब गई, जिससे बस अचानक पीछे की तरफ आने लगी। बस ने गुरुद्वारा में रखी पत्थर की कई कुर्सियां घसीट लीं और परिसर के अंदर तक घुस गई। उस वक्त बस के ठीक पीछे कुछ छोटे बच्चे खेल रहे थे। जैसे ही बस पीछे बढ़ी, बच्चे भागे और साइड में हो गए। अगर वे थोड़ा भी देर से हटते तो बस उन्हें चपेट में ले लेती। उन्होंने बताया कि ये बस बीकानेर से श्रीगंगानगर के बीच चलती है। इस घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। ड्राइवर ने इसके लिए माफी भी मांगी, जिसके बाद उसे वहां से जाने दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *