अमृतसर | शिरोमणि पंथ अकाली बुड्ढा दल की ओर से श्री अकाल तख्त साहिब के छठे जत्थेदार, अकाली बाबा फूला सिंह की याद में शहीदी शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समागम 12 से 14 मार्च तक गुरुद्वारा मल्ल अखाड़ा साहिब पातशाही छठी और गुरुद्वारा बुर्ज अकाली बाबा फूला सिंह में आयोजित होंगे। बुड्ढा दल के प्रमुख संत बाबा बलबीर सिंह ने बताया कि इन तीन दिनों तक चलने वाले गुरमत समागम सिख परंपराओं के अनुसार पूरी श्रद्धा और मर्यादा के साथ आयोजित किए जाएंगे। बुड्ढा दल के मैनेजर परमजीत सिंह बाजवा ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 12 मार्च को श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा। इसके बाद 14 मार्च को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे। भोग के उपरांत मुख्य गुरमत समागम शुरू होगा, जिसमें रागी, ढाडी और कविशर जत्थे अपनी वाणी और इतिहास के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।


