भास्कर न्यूज |लुधियाना मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा के समीप खुले एक रेस्त्रां-बार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गुरुद्वारा साहिब से करीब 100 मीटर की दूरी पर संचालित किए जा रहे उक्त रेस्त्रां के खिलाफ मॉडल टाउन मार्केट के दुकानदार जसविंदर सिंह ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गुरु नानक देव जी के नाम पर चल रहे एक ट्रस्ट की जमीन पर अस्पताल और लड़कियों का पीजी पहले से संचालित है, लेकिन ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों ने मिलकर उसी परिसर में रेस्त्रां बनाकर उसे लीज पर दे दिया। उनका कहना है कि रेस्त्रां में दिनभर नॉनवेज भोजन और शराब परोसी जाती है, जिससे गुरुद्वारा साहिब आने वाली संगत की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। जसविंदर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि रेस्त्रां के पास पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते वहां आने वाले लोगों के वाहन गुरुद्वारा साहिब के बाहर पार्क किए जाते हैं। उन्होंने एसजीपीसी से ट्रस्ट प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में रेस्त्रां मालिक अमरजीत सिंह ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि रेस्त्रां की पार्किंग व्यवस्था गोल मार्केट में की गई है और ग्राहकों के लिए विशेष वैलेट पार्किंग सिस्टम भी मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेस्त्रां की एंट्री मार्केट की ओर से है और गुरुद्वारा साहिब की ओर से कोई आवाजाही नहीं होती, जिससे किसी को असुविधा नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि मॉडल टाउन मार्केट में कुछ लोग प्रधान बनने की राजनीति के चलते झूठी शिकायतें कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि रेस्त्रां के पास नगर निगम और एक्साइज विभाग सहित सभी संबंधित विभागों की वैध अनुमति मौजूद है।


