भास्कर न्यूज | अमृतसर जीएनडीयू में नशों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत ‘जनून-ए-पंजाब’ अंतर कॉलेज सांस्कृतिक मुकाबलों का आगाज हुआ। पहले दिन समारोह में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है और नशों के खिलाफ इस लड़ाई में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। पंजाबी कौम ने हमेशा चुनौतियों का डटकर सामना किया है और इस बार भी युवा सकारात्मक सोच और ऊर्जा से इस सामाजिक बुराई को हराने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ पुलिस और प्रवर्तन एजेंसियों के जरिए नशे की सप्लाई पर सख्ती कर रही है, वहीं दूसरी ओर समाज के सहयोग से मांग कम करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को भी कानून से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. कर्मजीत सिंह ने कहा कि गुरुओं की कृपा से पंजाबियों में साहस और जज्बा कूट-कूटकर भरा है। इतिहास गवाह है कि पंजाब ने हर संकट का मजबूती से सामना किया है। समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने नशों के खिलाफ संदेश देती प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, डीसी दलविंदरजीत सिंह, सीपी गुरप्रीत सिंह मौजूद थे।


