हनुमानगढ़ में गुल्लक चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। महिलाओं ने लाठियां बरसाई, युवक पत्थर लेकर दौड़े। भीड़ ने पुलिस जीप में तोड़फोड़ भी कर दी। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामला जंक्शन इलाके का शनिवार शाम 6.30 बजे का है। इसका वीडियो रविवार को सामने आया। पहले देखिए- पुलिस पर हमले की 4 फोटोज… अब 4 पॉइंट में जानिए-पूरा घटनाक्रम… 1. 28 फरवरी को हुई थी चोरी
डीएसपी सिटी मीनाक्षी ने बताया कि सुरेशिया पुलिस चौकी में 28 फरवरी को वार्ड नंबर 42 की निवासी कालो पत्नी प्रवीण सोनी ने घर में रखे गुल्लक से एक लाख पचास हजार रुपए चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए 1 मार्च को हेड कॉन्स्टेबल विजय सिंह, कॉन्स्टेबल बलेंद्र कुमार और चेतन राम वार्ड नंबर 56 पहुंचे थे। जांच के दौरान चोरी की वारदात में विशाल बावरी के शामिल होने की बात सामने आई। पुलिस टीम जब विशाल के घर पहुंची और उससे पूछताछ करने लगी, तभी वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया। थोड़ी देर में भीड़ पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगी। स्थिति बिगड़ने पर हेड कॉन्स्टेबल विजय सिंह ने चौकी प्रभारी और जंक्शन थानाधिकारी को सूचना देकर अतिरिक्त जाब्ता भेजने की मांग की। 2. पुलिस पर हमला और तोड़फोड़
अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों, पत्थरों और ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में हेड कॉन्स्टेबल विजय सिंह को दाहिना हाथ टूट गया और सिर पर चोटें आईं, जबकि हेड कॉन्स्टेबल लायक सिंह की वर्दी फट गई। अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए। हमलावरों ने चेतक जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। 3. मुकदमा दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने विशाल बावरी, सूरज बावरी, आशा देवी, लल्ला बिहारी, जमना, साजन, राजकुमार, सपना, दलीप, पूनम समेत 21 नामजद और 15 से 20 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। 4. सोशल मीडिया पर शेयर हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर शेयर हुई वीडियो में दिख रहा है कि भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया। लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लाठियों और ईंटों से हमला किया। पुलिस की जीप को भी निशाना बनाया गया। वीडियो में एक युवती भी शामिल थी, जो खुद अपने कपड़े फाड़ती हुई नजर आई। उसने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। जंक्शन थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि एक वीडियो पुलिस को भी मिला है। वीडियो की जांच की जा रही है।


