प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आगर आप गूगल पर सर्च करो कि सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाले नेता कोई एक है, उसका नाम बताओ गूगल तो वह शिवराज सिंह चौहान का ही नाम बताएगा। चाहो तो इसके खुद चेक करके देख लो। पटवारी ने कहा कि विदिशा लोकसभा सीट से सांसद और देश के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यही कहते हैं कि, खेती को लाभ का धंधा बनाना है। हर बार उन्होंने कहा कि, मैं किसान का बेटा हूं। किसान मेरा भगवान है। किसान की आय दोगुनी करनी है। गूगल पर सर्च पर करो तो पता चलेगा कि शिवराज ने ये बातें एक लाख बार कही है। पटवारी ने ये बातें पीसीसी में प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने किसानों को लेकर जो संघर्ष किया है और नीति बनाई है, उसे आगे बढ़ाने का काम प्रदेश कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष करेंगे। कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में 27 लाख किसानों को कर्ज मुक्त करने का काम किया गया है। कृषि उपकरणों पर सब्सिडी देने का काम कांग्रेस की केंद्र की सरकार ने ही शुरू किया है। पटवारी बोले- आज प्रदेश का किसान परेशान है जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में किसानों की समस्याओं को पूरी ताकत के साथ उठाने की जरूरत है। आज प्रदेश का किसान परेशान है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों से जो वादे किये थे, वह अपने वादे से मुकर गई है। हम सभी को मिलकर किसानों से किए वादों को सरकार को याद दिलाना है और उन वादों को पूरा कराने के लिए सड़क से लेकर सदन तक जनता की लड़ाई में एक साथ खड़े होकर किसान विरोधी सरकार को नींद से जगाना है ताकि किसानों के साथ न्याय हो सके। किसान कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है। उसे निभाते हुए किसानों के हक, सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष के साथ लड़ाई लड़ेंगे और किसानों को न्याय दिला कर रहेंगे।