गृह रक्षा प्रशिक्षण: नामांकन प्रक्रिया 20 मार्च से:अजमेर के जेल ट्रेनिंग स्कूल में 23 मार्च तक चलेगी प्रक्रिया

गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया 20 से 23 मार्च 2026 तक अजमेर के घुंघरा स्थित जेल ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित की जाएगी। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र नागौर के कमांडेंट रवि व्यास ने बताया कि यह नामांकन प्रक्रिया निदेशालय, गृह रक्षा राजस्थान, जयपुर द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न होगी। इस चयन समिति में केंद्र/गण के समादेष्टा या गण समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि और जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल होंगे। कमांडेंट व्यास के अनुसार, चार दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया में केंद्र के 130 रिक्त पदों के लिए कुल 11,307 अभ्यर्थी भाग लेंगे। सभी अभ्यर्थियों को मोबाइल पर एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। कमांडेंट ने यह भी बताया कि गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया लगभग तीन सप्ताह तक चलने की संभावना है। इसमें अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों और समय पर उपस्थित होने के लिए बुलाया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए सभी महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों को निर्धारित समय, दिनांक और स्थान पर अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। इनमें मूल निवास प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र और पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नामांकन स्थल पर प्रवेश के बाद किसी भी अभ्यर्थी को बाहर जाकर दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01582-240402 पर संपर्क किया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *