गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा- हमारा नया साल तो चैत्र में आता है, जब घी, बूरा और चावल खाए जाते हैं। लेकिन कैलेन्डर वर्ष के अनुसार सरकार के कार्यक्रमों का क्रियान्वयन होता हैं, ऐसे में कैलेन्डर वर्ष 2025 की सभी शुभकामनाएं। बेढ़म रविवार को महवा के टुडियाना गांव में आयोजित नववर्ष स्नेह मिलन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- आपका बेटा जवाहर सिंह जयपुर में बैठा है, सरकार ने वहां एक झोंपड़ी दे रखी है। आप दिन में, दोपहर या फिर रात 12 बजे वहां आइए, आपके सपने पूरा करने के लिए काम करूंगा। आपको किसी से डरने या झुकने की जरूरत नहीं है। पहले तो चुनाव आमने-सामने होते थे, लेकिन सुनने में आया कि महुवा क्षेत्र के गुर्जर समाज ने तो राजेन्द्र मीणा को गोद लेकर चुनाव जितवाया है। मैंने विधायक को कहा है कि इनकी सेवा-सुश्रुषा में कोई कमी मत रखना, ये भोले-भाले समाज के लोग हैं और जो इनकी सेवा करता है, ये उस पर फिदा हो जाते हैं। मंत्री ने कहा- दो साल पहले पहली बार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मालासेरी डूंगरी में भगवान देवनारायण के मंदिर पहुंचकर माथा टेका, यह हमारे लिए गर्व की बात है। साथ ही अयोध्या में 500 साल बाद भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। यह भारत के सांस्कृति पुनर्जागरण का ऐतिहासिक पल था। बाबा महाकाल और विश्वनाथ कोरिडोर बनाकर सुविधाएं विकसित की। राज्य सरकार ने मेहंदीपुर बालाजी समेत अन्य मंदिरों के लिए 350 करोड रुपए के बजट का प्रावधान किया। विकास कराना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी मंत्री बेढ़म ने कहा- जनप्रतिनिधि होने के नाते हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम सरकार में हों तो कलम की ताकत के बूते जनता की समस्याओं का समाधान कर राहत पहुंचाए। पिछले एक साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। महवा क्षेत्र में सिर्फ एक साल में ही करोड़ों रूपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। पानी के लिए ईआरसीपी का एमओयू कर काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली की कमी दूर करने के लिए कई काम किए हैं। सभी वर्गों के विकास के लिए कुछ न कुछ नए काम किए हैं। पशुपालकों की सुविधा के एम्बुलेंस सुविधा शुरू की गई हैं। युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए पहले ही साल में एक लाख भर्तियां निकाली गई हैं और 80 हजार से ज्यादा भर्ती परीक्षाओं का कैलेन्डर जारी कर दिया गया है। राइजिंग राजस्थान के जरिए उद्योग-धंधे स्थापित करने से रोजगार के अवसर बढेंगे। विधायक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे मंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न व कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन भाजपा सरकार में वही राजस्थान पुलिस अपराधियों को सलाखों के पीछे धकेल रही है। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय विधायक राजेन्द्र मीणा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। सबको साथ लेकर विकास कराएंगे और देश को विश्व शक्ति बनाने के लिए हरसंभव काम करेंगे। विधायक ने सबको साथ लेकर क्षेत्र का विकास कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान जिला परिषद सदस्य नीलम गुर्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता महेन्द्र सिंह खेडला, सरपंच घनश्याम गुर्जर, अशोक गगवाना, राजेंद्र पीपलखेड़ा समेत जनप्रतिनिधि व लोग मौजूद रहे।


