गेहूं उपार्जन: किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च:सीहोर में अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे पंजीयन केंद्र

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए सीहोर जिले में किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित की गई है। खाद्य विभाग ने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अवकाश के दिनों में भी पंजीयन केंद्र खुले रहेंगे, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। खाद्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसान केवल सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं में स्थापित पंजीयन केंद्रों पर ही पंजीकरण करा सकेंगे। इन श्रेणी के किसानों के लिए वनाधिकार पट्टा या सिकमी/बटाई अनुबंध का 2 फरवरी 2024 से पहले पंजीकृत होना अनिवार्य है। पंजीयन के दौरान ई-उपार्जन पोर्टल पर मूल भू-स्वामी की सहमति, आधार नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। ओटीपी सत्यापन के बाद ही पंजीयन मान्य माना जाएगा। आधार और अनुबंध दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किसानों को पंजीयन केंद्र पर अपना आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और सिकमी/बटाई अनुबंध की प्रति साथ लानी होगी। ऑपरेटर द्वारा इन दस्तावेजों को स्कैन कर ई-उपार्जन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इस श्रेणी के सभी किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित सभी विभागों और सहकारी संस्थाओं को पंजीयन कार्य में पूर्ण सहयोग करने और किसानों तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *