रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं अब अपने अंतिम चरण में है। वर्तमान में खेतों में गेहूं की बालियां भरने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे फसल पकने की ओर अग्रसर है। किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल को पूरी तरह पकने में लगभग एक महीने का समय लगेगा। क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में अभी बालियां पूरी तरह नहीं भरी हैं, और दानों को पुख्ता होने के लिए अनुकूल मौसम की आवश्यकता है। अप्रैल महीने के पहले पखवाड़े मंडी पहुंचेगा नया गेंहू कृषि विशेषज्ञों और किसानों का मानना है कि यदि मौसम सामान्य बना रहता है, तो अप्रैल महीने के पहले पखवाड़े से नई गेहूं की फसल स्थानीय मंडियों और बाजारों में आनी शुरू हो जाएगी। इस समय दानों में दूध भरने और उनके सख्त होने की प्रक्रिया जारी है। वर्तमान में हल्की धूप फसल के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। हालांकि, बेमौसम बारिश या तेज हवाएं किसानों की चिंता बढ़ा सकती हैं और तैयार हो रही फसल को संभावित नुकसान पहुंचा सकती हैं।


