टीकमगढ़ जिले की दिगौड़ा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक खेत से लगभग 27 किलोग्राम अफीम के हरे पौधे जब्त किए हैं और खेत मालिक अजीत खान को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार शाम को की गई। मुखबिर की सूचना पर दिगौड़ा पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम रतनगुवां भाटा के खदई हार में छापेमारी की। अफीम के इन पौधों को गेहूं की फसल के बीच छिपाकर लगाया गया था, ताकि आसानी से पता न चल सके। अफीम की खेती करते खेत मालिक गिरफ्तार, पौधे जब्त वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में अफीम के हरे-भरे पौधे मिले। पुलिस ने खेत मालिक अजीत खान, निवासी बम्होरी खास, को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए अफीम के पौधों और आरोपी को थाने लाया गया। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि कार्रवाई में काफी समय लगा और यह देर रात तक जारी रही। उन्होंने कहा कि पूरे मामले का औपचारिक खुलासा आज किया जाएगा। पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में भी अफीम की अवैध खेती की तलाश कर रही है।


