महेंद्रगढ़ के नारनौल में पुराने दोस्तों ने बदमाश की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। मृतक पपला गुर्जर गैंग का मेंबर था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक पर 10-10 आपराधिक केस दर्ज हैं। शुक्रवार को बदमाश पुष्कर (33) हरियाणा-राजस्थान सीमा के पास सादा की ढाणी में एक कार्यक्रम में आया था। वापस राजस्थान लौटते समय उसके पुराने साथी संदीप उर्फ संध्या ने पुष्कर की स्कॉर्पियों पर हमला कर दिया। पुष्कर को गाड़ी से उतारकर ताबड़तोड़ कई वार किए। परिवार के लोग बचाने आए तो उन पर भी पथराव कर दिया। मृतक के चाचा का कहना है कि आरोपियों ने पपला की गाड़ी शीशे भी तोड़ दिए। उसे जमीन पर नीचे गिराकर सिर पर लट्ठ बरसाए। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… 2 पॉइंट में जानिए…साथी भीम ने क्या बताया चाचा बोले- मुझे भी मारने की धमकी दी
गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की
पुष्कर के चाचा पूर्णमल ने बताया कि मुझे भीम ने फोन करके बताया कि पुष्कर को उन्होंने बहुत मारा-पीटा है। उसे अस्पताल ले जाना है। इसके बाद मैं अपनी गाड़ी लेकर सड़क पर पहुंचा तो आरोपियों ने मेरे ऊपर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। मैंने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। बाद में उन्होंने मेरी गाड़ी को एक गड्ढे में दकेल दिया। फिर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुष्कर को पीटकर हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुष्कर को नारनौल के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्कर की मौत की सूचना पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश की जा रही
नारनौल पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं।
जानिये…कौन है पपला गुर्जर राजस्थान व हरियाणा में मोस्ट वांटेड रहाः कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर राजस्थान और हरियाणा का मोस्ट वांटेड बदमाश रहा है। पपला ने 2014 में अपने गुरु शक्ति सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उसने एक साथ कई हत्याओं को अंजाम दिया। 2016 में वह अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। 2017 में महेंद्रगढ़ कोर्ट में फायरिंग कर फरार हुआ : पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पपला गुर्जर को 2017 को जेल से पेशी पर लाया गया था। इसी दौरान उसने महेंद्रगढ़ कोर्ट परिसर में फायर कर दिया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद पपला गुर्जर का नाम अपराध की दुनिया में गिना जाने लगा। इसमें मृतक पुष्कर भी शामिल था। 2019 में राजस्थान के बहरोड़ थाने में फायरिंग की : फरार पपला साल 2019 में एक नेता जयराम गुर्जर की हत्या का बदला लेने राजस्थान के अलवर के बहरोड़ पहुंचा था। पुलिस को खबर लगी तो पपला को धर दबोचा गया। मगर, गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही पपला की गैंग ने एके-47 जैसे हथियारों से लैस होकर बहरोड़ थाने पर हमला बोल दिया। थोड़े ही देर में लॉकअप तोड़कर पपला गुर्गों संग फरार हो गया। पपला गुर्जर 2021 में मुंबई से पकड़ा गया था : इसके बाद पपला गुर्जर कई राज्यों में फरारी काटता रहा। 28 जनवरी 2021 पपला महाराष्ट्र के कोल्हापुर में अपनी गर्लफ्रेंड जिया के साथ था। पुलिस ने रात में छापा मारकर पपला के साथ उसकी गर्लफ्रेंड जिया को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से वह भौंडसी जेल में बंद है।


