भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बिसात लगभग बिछा दी है। पंजाब में भाजपा जहां डेरों को सेट करने में जुटी वहीं अब गैर-पंजाबी वोट बैंक को साधने की तैयारी कर रही है। भाजपा ने पंजाब में चुनावी बिसात की कमान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैंनी को सौंपी है। नायब सिंह सैणी अब गैर-पंजाबी यानि दूसरे राज्यों से आकर पंजाब में बसे लोगों से संपर्क साधेंगे। इस मुहिम की शुरुआत रविवार को पूर्वांचल समाज से की जा रही है। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी रविवार को लुधियाना में एक भारत श्रेष्ठ भारत मुहिम के तहत पूर्वांचल समाज की एक रैली को संबोधित करने आ रहे हैं। रैली के जरिए भाजपा पूर्वांचल समाज के मतदाताओं को रिझाने का काम करेगी। लोहारा में होगी नायब सिंह सैणी की रैली लोहारा में भारतीय जनता पार्टी पूर्वांचल प्रकोष्ठ की तरफ से रैली करवाई जा रही है। इस रैली में 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। पूर्वांचल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व पार्षद राजेश मिश्रा ने बताया कि रैली के माध्यम से पूर्वांचल के लोगों से पार्टी का संवाद होगा। लुधियाना जिले में 10 लाख से ज्यादा पूर्वांचली पार्षद राजेश मिश्रा ने बताया कि लुधियाना जिले में 10 लाख से ज्यादा पूर्वांचल समाज के लोग हैं। उन्होंने बताया कि इसमें से कुछ लोगों की वोट यहां बनी है जबकि कुछ के वोट उनके पैतृक राज्यों में है। उन्होंने बतायाक इन लोगों को चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। लुधियाना के दक्षिणी, पूर्वी, आत्मनगर, उत्तरी, साहनेवाल हलकों में प्रभाव पूर्वांचल समाज का लुधियाना जिले की दक्षिणी, पूर्वी, आत्म नगर, उत्तरी व साहनेवाल हलकों में काफी प्रभाव है। इन सीटों पर पूर्वांचल समाज के मतदाता जीत और हार में अहम भूमिका निभाते हैं। हर शहर में हाेंगी अलग-अलग राज्यों के लोगों की रैलियां भाजपा एक भारत श्रेष्ठ भारत मुहिम के तहत सूबे के अलग अलग शहरों में अलग-अलग राज्यों के लोगों की रैलियां करवाने जा रही है। पंजाब में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व अन्य राज्यों के लोग रहते हैं। पंजाब के साथ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में भी चुनाव होने हैं। भाजपा गैर-पंजाबियों की रैलियां करके पंजाब के साथ साथ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड चुनावों के लिए भी ग्राउंड तैयार कर रही है। जिन गैर पंजाबियों के वोट अपने पैतृक स्टेट में बने हैं उन्हें वहां जाकर मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। उत्तराखंड व यूपी के मुख्यमंत्री भी करेंगे रैलियां पंजाब में उत्तराखंड व उत्तरप्रदेश के लोग भी बड़ी संख्या में है। इन दोनों राज्यों में भी पंजाब के साथ ही विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की रैलियां भी प्लान कर रही है।


