कुसमी | नगर के सामरी रोड स्थित राजा गैस वेल्डिंग दुकान में बुधवार होली पर्व के दौरान दोपहर 2 बजे एक बोलेरो वाहन में आग लग गई। घटना गैस वेल्डिंग के दौरान हुई, जिससे नगर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेल्डिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक से वाहन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बोलेरो वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास की दुकानों और अन्य वाहनों को नुकसान होने से बचा लिया। आगजनी में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।


