गोड्डा के राजमहल कोल परियोजना में फायरिंग:60 राउंड फायरिंग, धमाके और आग लगाने की कोशिश, डंपर ऑपरेटर घायल

गोड्‌डा जिले की ईसीएल राजमहल कोल परियोजना में बीती देर रात असामाजिक तत्वों ने दहशत फैला दी। तेलझरी साइड में करीब रात 2:30 बजे 20 से 25 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और विस्फोट कर खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। इस घटना में डंपर ऑपरेटर दीपक कुमार मंडल घायल हो गया है। उसके दाएं कान और हाथ में शीशे के टुकड़े लगने से गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल ईसीएल अस्पताल ऊर्जानगर में भर्ती कराया गया है। 60 राउंड फायरिंग और धमाके, डंपर जलाने की कोशिश घटना के चश्मदीद डंपर ऑपरेटर लाल मुर्मू और राजेश महतो ने बताया कि वे ड्यूटी के दौरान रेस्ट टाइम पर थे, तभी 20-25 की संख्या में अज्ञात बदमाश आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने करीब 50-60 राउंड गोलियां चलाईं और विस्फोटक से धमाके किए। हमलावरों ने डंपर में पेट्रोल डालकर उसे आग लगाने की भी कोशिश की, हालांकि समय रहते आग नहीं पकड़ सकी और बड़ा हादसा टल गया। काम रोककर बैठे ऑपरेटर, डर के साए में कर्मचारी इस घटना से खदान में काम कर रहे कर्मचारियों में डर का माहौल है। आज सुबह की शिफ्ट में आए डंपर ऑपरेटरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर काम रोक दिया। उनका कहना है कि जब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते, तब तक काम शुरू नहीं करेंगे। कर्मचारियों ने प्रबंधन और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच, असामाजिक तत्वों पर शक घटना की सूचना मिलते ही महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चंद्रशेखर आजाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ईसीएल के काम को बाधित करने के उद्देश्य से इस तरह की साजिश रची गई है। प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *