झारखंड की गोड्डा पुलिस ने एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनू कुमार मंडल खुद को बैंक कर्मचारी और कस्टमर केयर एजेंट बताकर लोगों से ठगी करता था। पुलिस को प्रतिबिम्ब एप के माध्यम से 14 जनवरी को इस साइबर ठग की जानकारी मिली। एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम तेलोलिया में छापेमारी की। आरोपी को घर के पिछले दरवाजे से भागते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने फोन के जरिए साइबर ठगी करना स्वीकार किया और बताया कि ठगी के पैसों से ही उसने रॉयल इनफिल्ड बाइक खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बाइक बरामद की है। गोड्डा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।


