गोड्डा जिले में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। महागामा थाना क्षेत्र की रहने वाली अनिशा कुमारी की शादी इसी साल 24 मई को बिहार गांव निवासी मनीष मंडल से हुई थी। शादी के दो सप्ताह बाद ही मनीष ने दहेज में सोने की अंगूठी और गाड़ी की मांग शुरू कर दी। मृतका के भाई संतोष कुमार मंडल के अनुसार, दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मनीष ने अनिशा से बात कराना बंद कर दिया। पिछले तीन दिनों से अनिशा से किसी का संपर्क नहीं हो पा रहा था। बीती रात एक ग्रामीण से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन ससुराल पहुंचे। वहां पता चला कि अनिशा का गला दबाकर उसे कमरे में जलाने की कोशिश की गई। हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल सका और कपड़े व चमड़े को मामूली नुकसान हुआ। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया
ठाकुर गंगटी थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति मनीष मंडल और उसके पिता जुगल मंडल के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।