जामताड़ा | जामताड़ा जिले के गोपालपुर में साप्ताहिक हटिया का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि अजहरुद्दीन शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजहरुद्दीन ने घोषणा की कि अब प्रत्येक शुक्रवार को सिद्धू-कानू मोड़ पर नियमित रूप से साप्ताहिक हटिया का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस हटिया के शुरू होने से स्थानीय किसानों, छोटे व्यापारियों और बेरोजगार युवाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए एक स्थायी और सशक्त मंच मिलेगा। किसान ताजी सब्जियां, फल, अनाज और अन्य कृषि उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकेंगे, जिससे उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा। अजहरुद्दीन ने कहा कि साप्ताहिक हटिया ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सीधा बाजार संपर्क स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।


