गोरखापाली में होली पर मारपीट, आगजनी:सरपंच पति सहित 25-30 लोगों पर लूटपाट का आरोप, शिकायत दर्ज

सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम गोरखापाली में होली के दिन मारपीट, लूटपाट और आगजनी का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने वर्तमान सरपंच पति सनत पटेल सहित गांव के 25-30 लोगों पर हमला करने, घर में आग लगाने और कीमती सामान लूटने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मालखरौदा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं, गोरखापाली निवासी आनन्दराम कुर्रे (45) और सुकदेव कुर्रे (32) ने बताया कि होली की सुबह करीब 9 बजे वे गांव के सरपंच के घर के पीछे स्थित डबरी तालाब के पास बैठे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर जातिसूचक गालियां देते हुए उन्हें गांव से निकालने की धमकी दी। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने शराब न पिलाने की बात पर भी विवाद किया और लाठी-डंडों से मारने के लिए दौड़ाया। गांव में विवाद के दौरान कोटवार घायल शिकायत के अनुसार, जब सुकदेव कुर्रे ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की हुई, जिसमें गांव का कोटवार गिर गया और उसे चोट लगी। इसके बाद आरोप है कि लगभग 25 से 30 लोग एकजुट होकर पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और तोड़फोड़ करते हुए घर में आग लगा दी। आगजनी में हुआ भारी आर्थिक नुकसान पीड़ितों का कहना है कि आगजनी में उनके परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। शिकायत में बताया गया है कि घर में रखा लगभग 25 लाख रुपए का डीजे सेट, करीब 5 लाख रुपए का पिकअप वाहन और एक बुलेट मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इसके अतिरिक्त, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान भी लूटकर ले जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों के साथ उनके घर को घेर लिया था। अपनी जान बचाने के लिए उन्हें पीछे के दरवाजे से भागना पड़ा और किसी तरह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *