भास्कर न्यूज | जालंधर गोराया के नेशनल हाईवे पर लुधियाना से होशियारपुर जा रही एक बोलेरो गाड़ी अचानक बेकाबू होकर पलट गई और रेलिंग से जा टकराई। गाड़ी में एक छोटे बच्चे समेत परिवार के कुल 5 सदस्य सवार थे। रोड सेफ्टी फोर्स के इंचार्ज जसविंदर सिंह के अनुसार, गोराया थाने से सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ब्रेक फेल होने के कारण गाड़ी नियंत्रण से बाहर हो गई। वाहन पहले डिवाइडर पार कर गया, फिर गोराया से फिल्लौर जाने वाली सड़क पर पलट गया और आखिर में रेलिंग से टकराकर रुक गया। हादसे में एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं, जिसे मौके पर ही फर्स्ट एड दिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटाकर ट्रैफिक सुचारू कराया और ड्राइवर के लिए टो वैन की व्यवस्था की।


