गोलूवाला पुलिस को लेकर दो पक्षों में बंटे लोग:नायक महासभा ने की मुकदमा दर्ज करने की मांग, अन्य संगठनों ने कार्यप्रणाली को सही बताया

गोलूवाला थाने में कथित मारपीट के एक मामले को लेकर अखिल भारतीय नायक महासभा जिला कमेटी ने कड़ा विरोध जताया है। वहीं, कुछ अन्य संगठनों ने पुलिसकर्मियों के समर्थन में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। महासभा ने आरोप लगाया है कि 17 फरवरी को गोलूवाला पुलिस थाने के सामने भारत की जनवादी नौजवान सभा के नेता रामपाल नायक के नेतृत्व में धरना चल रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभद्र व्यवहार किया और बाद में रामपाल नायक को थाने ले जाकर मारपीट की। महासभा के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि सीआई और अन्य पुलिसकर्मियों पर जातिसूचक गालियां देने और जबरन उठाकर थाने में ले जाने के आरोप हैं। संगठन ने इस घटना की निंदा करते हुए आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेगा। इस मौके पर अध्यक्ष मनीराम मेघवाल, रामपाल, महावीर, शीशपाल आदि मौजूद थे। वहीं, दूसरे संगठनों ने पुलिसकर्मियों का समर्थन किया भारतीय जनता पार्टी के गोलूवाला मंडल के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में नशा तस्करों, चोरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को संतोषजनक बताया है। मंडल अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान मंडल महामंत्री भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारियों ने भी गोलूवाला थाना पुलिस के खिलाफ भ्रामक प्रचार किए जाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एसपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोलूवाला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कुछ लोगों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। हरप्रीत सिंह, हरबंस सिंह, निर्मल सिंह, सुरजीत सिंह इत्यादि पदाधिकारी इस दौरान उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *