गोल्डन टेंपल सरोवर में कुल्ला, जेल से छूटा युवक:सोशल मीडिया पर पहला VIDEO; बोला- अल्लाह का शुक्र, मैं सही सलामत हूं

अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाला मुस्लिम युवक जमानत पर छूटने के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर आया। हालांकि इस दौरान उसने गोल्डन टेंपल और उसको लेकर हुई कानूनी कार्रवाई को लेकर कुछ नहीं कहा। एक अन्य मुस्लिम व्यक्ति ने युवक सुब्हान रंगरीज का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। युवक कहता है कि हमारा छोटा भाई सुब्हान रंगरीज आ गया है। भाइयों ने दुआ की और भाई हमारे पास है। इसमें सुब्हान रंगरीज ने कहा- अल्लाह का शुक्र है, मैं सही सलामत हूं। ठीक-ठाक हूं आप लोगों की दुआ से। मैं यही कहूंगा कि नमाज पढ़ो, रोजा रखो और अल्लाह से दुआ करो। खास बात यह है कि पहले के वीडियो की तरह इस बार सुब्हान का एटीट्यूड नजर नहीं आया, जिस वजह से ही सिख समुदाय ने उसकी माफी को कबूल नहीं किया था। जिस वजह से निहंगों ने उसे पीटा। उस पर बेअदबी का केस दर्ज हुआ और उसे जेल तक जाना पड़ा। वह गुरुवार को जेल से बाहर आया। गोल्डन टेंपल सरोवर में कुल्ला से जुड़ा पूरा मामला क्या… सरोवर में कुल्ला किया, इंस्टाग्राम पर वीडियो डाला
दिल्ली का रहने वाला सुब्हान रंगरीज 13 जनवरी को गोल्डन टेंपल आया था। इसके बाद उसने सरोवर में बैठकर कुल्ला किया। उसने मुंह में पानी भरा और वहीं थूक दिया। इसके बाद वह गोल्डन टेंपल परिसर में घूमा और दूसरे साथी से वीडियो शूट करवाया। इसके बाद उसने गोल्डन टेंपल की तरफ उंगली भी उठाई। फिर उसने ही ये वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाल दिया। वीडियो में युवक ने खुद को मुस्लिम शेर बताया
वीडियो में उसने खुद को मुस्लिम शेर बताया। उसका ये वीडियो वायरल हो गया। जिस पर सिख श्रद्धालुओं ने कड़ा एतराज जताया कि पवित्र सरोवर में थूक कर उसने धार्मिक भावना आहत की है। इसके अलावा वह गोल्डन टेंपल की तरफ उंगली भी दिखा रहा है। इसके बाद SGPC ने इस पर कड़ा एतराज जताया। पहली बार माफी मांगते वक्त हाथ जेब में डाले हुए थे
सुब्हान रंगरीज ने पहली बार 16 जनवरी को वीडियो जारी कर कहा- भाइयों, मैं 3 दिन पहले श्री दरबार साहिब गया था। बचपन से मैं वहां जाना चाहता था। मुझे वहां की मर्यादा के बारे में नहीं पता था। मैंने सरोवर के पानी से वजू किया था, धोखे से मेरे मुंह से पानी निकलकर उसमें गिर गया। मैं सारे पंजाबी भाइयों से सॉरी बोलता हूं। मैं वहां आकर भी सॉरी बोलूंगा। मैं पूरी सिख कम्युनिटी को सॉरी बोलता हूं। मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं। हालांकि इस दौरान उसने हाथ जेब में डाले हुए थे, जिसे सिख समुदाय ने सही नहीं माना। दूसरी बार में एक बार ही हाथ जोड़ा
इसके बाद युवक सुब्हान रंगरीज ने 19 जनवरी को 17 सेकेंड का नया वीडियो जारी किया। इसमें उसने कहा- जब मैं दरबार साहिब गया था, तब मुझसे एक बड़ी गलती हो गई। यह गलती भूलवश हुई थी। मुझे वहां की मर्यादा की पूरी जानकारी नहीं थी, नहीं तो मैं ऐसी गलती कभी नहीं करता। आप मुझे अपना बेटा समझकर, अपना भाई समझकर माफ कर दीजिए। इस दौरान उसने एक बार हाथ भी जोड़ा। वीडियो के ऊपर भी उसने सॉरी दिल से लिखा हुआ था। SGPC ने CCTV फुटेज जांची, कहा- बेअदबी की नीयत से आया
युवक पर कार्रवाई न कराने को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) पर सवाल उठने लगे। सोशल मीडिया पर सवाल पूछा जाने लगा कि जब गुजरात की अर्चना मकवाना पर योग करने की वजह से केस दर्ज हो सकता है तो सुब्हान को क्यों छोड़ा जा रहा है। इसके बाद SGPC ने गोल्डन टेंपल की फुटेज की जांच की। जिसके बाद SGPC ने बताया कि दिल्ली का रहने वाला सुब्हान रंगरीज 13 जनवरी को गोल्डन टेंपल में आया था। इसके बाद उसने सरोवर में बैठकर कुल्ला किया। उसने मुंह में पानी भरा और वहीं थूक दिया। इसके बाद वह गोल्डन टेंपल परिसर में घूमा और दूसरे साथी से वीडियो शूट कराए। SGPC ने टाइम के साथ 13 जनवरी की ये फुटेज निकाली हैं। पहली फुटेज में सुबह 11.20 बजे सुब्हान रंगरीज गोल्डन टेंपल परिसर में दाखिल हुआ। इस दौरान उसने सिर पर टोपी पहन रखी है। गोल्डन टेंपल में एंट्री के बाद करीब 10 मिनट तक वह वहां घूमता रहा। 11.30 बजे की दूसरी फुटेज में सुब्हान रंगरीज सरोवर के पास नजर आया। यहां वह नंगे पैर सरोवर में बैठा और कुल्ला किया। इस दौरान वह अपने एक दोस्त से वीडियो बनवाता हुआ दिख रहा है। 11.40 बजे की तीसरी फुटेज में सुब्हान सरोवर क्षेत्र से निकलकर निशान साहिब के पास पहुंचा, जहां उसने दोबारा वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद वह गोल्डन टेंपल के बाहर स्थित प्लाजा एरिया में गया, जहां 7 से 8 मिनट तक रुका। वीडियो बनाई और फिर परिसर से बाहर निकल गया। SGPC ने कहा कि उसने माथा टेकने की कोशिश तक नहीं की। वह बेअदबी की नीयत से ही आया था। 24 जनवरी को गाजियाबाद में निहंगों ने पकड़ा
24 जनवरी को यूपी के गाजियाबाद में निहंगों ने युवक को उसके साथी संग पकड़ लिया था और जमकर पिटाई की। इस दौरान दोनों युवक माफी भी मांगते हुए नजर आए। यह कार्रवाई निहंग विक्की थॉमस की अगुआई में की गई। इसके बाद युवक को गाजियाबाद पुलिस को सौंप दिया था। वहीं, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की तरफ से भी अमृतसर पुलिस के पास शिकायत देकर बेअदबी का केस दर्ज करवा दिया। जिसके बाद अमृतसर पुलिस उसे यहां लाई। ————– ये खबरें भी पढ़ें… गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला किया:पानी मुंह में लेकर वहीं थूका, मुस्लिम शेर लिख VIDEO वायरल की पंजाब के अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में एक युवक के पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए रील बनाई गई। वीडियो को ‘मुस्लिम शेर’ लिखकर सोशल मीडिया पर डाला गया है। जो युवक कुल्ला करता दिखाई दे रहा है, उसे मुस्लिम टोपी पहनी हुई है। ये वीडियो सामने आने के बाद इसका विरोध शुरू हो गया। (पढ़ें पूरी खबर) गोल्डन टेंपल सरोवर में कुल्ला करने वाले की पिटाई, गाजियाबाद में निहंगों ने घेरा, पुलिस ने हिरासत में लिया अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाले मुस्लिम युवक की शनिवार को गाजियाबाद में निहंगों ने पिटाई कर दी। वह निहंग विक्की थॉमस के साथ वीडियो में नजर आया। इस दौरान उसके साथ बैठे ही किसी निहंग ने उसे थप्पड़ जड़ा। इसके बाद कुल्ला करने वाला और उसका वीडियो बनाने वाला यानी दोनों युवक माफी भी मांगते हुए नजर आए। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *